झामुमो के स्थापना दिवस को लेकर सज गया धनबाद, हेमंत-कल्पना की मौजूदगी में जुटेगी ऐतिहासिक भीड़
धनबाद जिले के गोल्फ ग्राउंड, रणधीर वर्मा स्टेडियम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अपना 53वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाने जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं, पंडाल सजाने में कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन होंगी मुख्य अतिथि
इस बार का स्थापना दिवस बेहद खास होगा, क्योंकि पहली बार गांडेय विधायक व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। पिछले साल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गैरमौजूदगी में यह आयोजन सादगी से हुआ था, लेकिन इस बार जेएमएम कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और ट्रैफिक की कड़ी व्यवस्था
इस भव्य आयोजन के मद्देनजर धनबाद डीसी माधवी मिश्रा और एसएसपी एचपी जनार्दनन ने स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में गिरिडीह, जामताड़ा और बोकारो से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
भारी भीड़ जुटने की उम्मीद
विधायक मथुरा महतो ने कहा कि इस बार का स्थापना दिवस ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि मुख्यमंत्री के साथ कल्पना सोरेन की उपस्थिति महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। उनके भाषण को सुनने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में पहुंचेंगी। महानगर जिला अध्यक्ष ने कहा कि पिछले साल भाजपा ने षड्यंत्र कर हेमंत सोरेन को जेल भिजवाया था, जिससे स्थापना दिवस सादगी में मना। लेकिन इस बार पूर्ण बहुमत की सरकार होने के कारण कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर है और समारोह ऐतिहासिक होने वाला है।