JMM विधायक सोमेश सोरेन ने ली विधानसभा सदस्यता की शपथ, 

Jharkhand Desk: घाटशिला उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार झारखंड विधानसभा पहुंचे सोमेश चंद्र सोरेन के सदस्यता ग्रहण के दौरान जेएमएम के वरिष्ठ नेता स्टीफन मरांडी और घाटशिला से आए बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद थे.
 
Jharkhand Desk: घाटशिला उपचुनाव में जीत दर्ज करनेवाले नवनिर्वाचित जेएमएम विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने आज विधानसभा की सदस्यता ग्रहण की. विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. घाटशिला उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार झारखंड विधानसभा पहुंचे सोमेश चंद्र सोरेन के सदस्यता ग्रहण के दौरान जेएमएम के वरिष्ठ नेता स्टीफन मरांडी और घाटशिला से आए बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद थे.
इस मौके पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि पिछले दिनों हुए घाटशिला में उपचुनाव कठिन भी था और जटिल भी था और संयोग से जनता जनार्दन का समर्थन सोमेश चंद्र सोरेन को मिला है. उन्होंने सोमेश चंद्र सोरेन को बधाई देते हुए कहा कि वे राजनीतिक जीवन में सफल हों इसकी कामना करता हूं.
इस मौके पर मीडिया से बातचीत में नवनिर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने घाटशिला की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस जीत का श्रेय मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, राज्य सरकार के मंत्रियों के अलावे महागठबंधन के सभी नेताओं को देना चाहता हूं. उन्होंने अपने दिवंगत पिता रामदास सोरेन को याद करते हुए कहा कि मैं उम्मीद करता हूं आप लोगों के सहयोग से मैं बाबा के सपनों को जरूर पूरा करने में सफल हूंगा.
गौरतलब है कि रामदास सोरेन के असामयिक निधन के बाद खाली हुए इस सीट पर बीते 11 नवंबर को उपचुनाव हुआ था. जिसमें एक बार फिर जेएमएम ने इस सीट पर जीत दर्ज करने में सफल हुआ और जेएमएम प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने भारी मतों से बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को हरा दिया.