JPSC सिविल सेवा परीक्षा की जांच तेज, CID ने सफल अभ्यर्थियों से मांगी OMR शीट की कॉपी
Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है. मामले की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने अब परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट (OMR Sheet) की कॉपी उपलब्ध कराने को कहा है. जांच एजेंसी का उद्देश्य अभ्यर्थियों द्वारा उपलब्ध कराई गई ओएमआर शीट का आयोग के रिकॉर्ड से मिलान कर संभावित गड़बड़ियों की पुष्टि करना है.
सीआईडी ने सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित समय के भीतर अपनी ओएमआर शीट की प्रति जांच टीम को सौंपने की अपील की है. जांच एजेंसी का कहना है कि इससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और आरोपों की सत्यता की जांच में मदद मिलेगी.
गौरतलब है कि जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आई थीं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी. अब ओएमआर शीट के मिलान की प्रक्रिया को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद अभ्यर्थियों के बीच भी हलचल तेज हो गई है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई थी या नहीं.