JPSC-JSSC विवाद में बड़ी बैठक, 4 मंत्रियों और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता शुरू
Ranchi: JPSC-JSSC नियुक्ति विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और झारखंड सरकार के बीच बातचीत का दौर जारी है। स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के चार मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल और छात्रों के दो गुटों के बीच तीसरे दौर की वार्ता शुरू हो गई है। बैठक में छात्रों की मांगों और आंदोलन को लेकर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
छात्रों के दो गुटों से हो रही बातचीत
तीसरे दौर की वार्ता में छात्रों के दो अलग-अलग गुट शामिल हुए हैं। छात्रों के पहले गुट से 7 छात्र प्रतिनिधि बातचीत के लिए पहुंचे हैं, जबकि देवेंद्रनाथ महतो गुट से 6 छात्र प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए हैं।
सरकार की ओर से बातचीत के लिए दीपिका पांडेय सिंह, संजय यादव, सुदिव्य कुमार सोनू और चमरा लिंडा प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
बताया गया कि दोनों छात्र गुटों को SDM और CO अपनी-अपनी गाड़ियों से स्टेट गेस्ट हाउस लेकर पहुंचे, जहां सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू हुई।
48 घंटे में तीसरी बार सरकार की छात्रों से बातचीत
JPSC-JSSC विवाद को लेकर पिछले 48 घंटे में सरकार और छात्रों के बीच यह तीसरे दौर की बातचीत है। वहीं 24 घंटे के भीतर सरकार दूसरी बार छात्र प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर रही है।
इससे पहले शुक्रवार रात करीब 7 बजे छात्रों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था। उस दौरान सरकार और छात्रों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता हुई थी। हालांकि, बैठक के बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था।
इसके अलावा दूसरे छात्र गुट के साथ हुई वार्ता करीब एक घंटे तक चली थी। सरकार की ओर से तीन अन्य छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी बातचीत की गई थी।
दूसरे दौर की वार्ता में नहीं बनी सहमति
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच शनिवार को दूसरे दौर की वार्ता हुई थी। हालांकि, इस बैठक में भी दोनों पक्षों के बीच किसी ठोस मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी।
छात्रों ने स्पष्ट किया था कि जब तक पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग स्वीकार नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। छात्रों ने 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को भी जारी रखने का ऐलान किया था।
AISA प्रतिनिधिमंडल से भी होगी वार्ता
सरकार की ओर से अलग-अलग छात्र गुटों के साथ बातचीत का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में AISA के प्रतिनिधिमंडल से भी सरकार की वार्ता प्रस्तावित है।
अब सभी की नजरें स्टेट गेस्ट हाउस में चल रही तीसरे दौर की वार्ता पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि बैठक में सरकार छात्रों की मांगों पर अपना पक्ष रखेगी और आंदोलन को समाप्त कराने के लिए समाधान तलाशने की कोशिश करेगी।