JPSC-JSSC आंदोलन: विधानसभा घेराव को लेकर रांची में बढ़ी सुरक्षा, BJP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

Jharkhand Vidhan Sabha March: आंदोलन को लेकर पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की है और सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. छात्रों को नियंत्रित करने और मार्च को निर्धारित मार्ग पर रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.
 

Jharkhand Vidhan Sabha March: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। सोमवार, 10 अगस्त को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा घेराव के लिए रांची पहुंच रहे हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र राजधानी में जुट रहे हैं और पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक मार्च निकालने की तैयारी है।

पुराने विधानसभा गेट पर जुटने लगे छात्र

छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुराने विधानसभा गेट के आसपास बड़ी संख्या में छात्र जुटने लगे हैं। यहीं से विद्यार्थी नई विधानसभा की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं।

आंदोलन को लेकर पुलिस ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की है और सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। छात्रों को नियंत्रित करने और मार्च को निर्धारित मार्ग पर रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

मुख्यमंत्री आवास घेरने पहुंचे BJP कार्यकर्ता हिरासत में

छात्रों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे भाजपा के विधायक और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर मौके से हटाया। मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

आंदोलन शुरू होने से पहले तनाव की स्थिति

विधानसभा मार्च शुरू होने से पहले ही प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति देखने को मिली। पुलिस की ओर से लगातार प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है।

छात्रों की मुख्य मांग JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों में ठोस कार्रवाई की है। अभ्यर्थी सरकार से लिखित आश्वासन और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

विधानसभा में भी गूंज सकता है JPSC-JSSC मुद्दा

वहीं, झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का सोमवार को तीसरा दिन है। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में सदन के भीतर भी इस मुद्दे पर हंगामे के आसार हैं।

सड़क पर छात्रों का आंदोलन और विधानसभा के भीतर विपक्ष के विरोध के कारण JPSC-JSSC का मुद्दा आज झारखंड की राजनीति के केंद्र में रहने की संभावना है।

रामगढ़ में भी प्रशासन अलर्ट

रांची में छात्र आंदोलन को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ओर से शहर में वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

बुधवार सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। प्रशासन की नजर उन वाहनों पर भी है जिनसे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रांची जाने की संभावना है।

अलग-अलग जिलों से रांची पहुंच रहे अभ्यर्थी

JPSC-JSSC आंदोलन में शामिल होने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंच रहे हैं। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ता है, इसलिए सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

फिलहाल रांची में विधानसभा घेराव को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक प्रस्तावित छात्र मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है।