JPSC-JSSC Protest: आंदोलन खत्म या नया मोड़? दूसरे गुट की बैठक जारी
JPSC-JSSC Student Protest: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के 26वें दिन बड़ा बदलाव देखने को मिला। आंदोलन कर रहे छात्रों के एक मंच ने अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया, जबकि दूसरे मंच से जुड़े छात्र आगे की रणनीति तय करने के लिए बैठक करते रहे।
अभ्यर्थी न्याय मंच ने आंदोलन खत्म करने का किया ऐलान
JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के रामावतार महतो ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंच ने 25 जुलाई से परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया था।
रामावतार महतो के मुताबिक, सरकार ने मंच की प्रमुख मांगों को मान लिया है। उन्होंने छात्र हित में सरकार की ओर से लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में उठाए गए कदम से छात्रों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले के बाद मंच ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है और अब आंदोलनकारी वापस लौटेंगे।
दूसरे मंच के छात्र अभी भी कर रहे मंथन
एक मंच की ओर से आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बाद स्टेडियम में आंदोलन की अगली दिशा को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है। दूसरे मंच से जुड़े छात्र दोपहर 12:30 बजे तक बैठक करते रहे।
बैठक में छात्र आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे थे। ऐसे में दूसरे गुट की ओर से आंदोलन जारी रखने या कोई अन्य फैसला लेने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
स्टेडियम में प्रशासन की मुस्तैदी
छात्र आंदोलन के बीच जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में प्रशासन की भी नजर बनी हुई है। एक मंच द्वारा आंदोलन खत्म करने के ऐलान के बावजूद दूसरे गुट की बैठक और वहां मौजूद छात्रों की गतिविधियों को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर 26 दिनों से जारी आंदोलन में एक मंच के पीछे हटने के बाद अब सबकी नजर दूसरे गुट के फैसले पर है।