JPSC Scam: रांची के कोचिंग सेंटर पर CID की रेड, एडमिट कार्ड, मार्कशीट और दस्तावेज बरामद
Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने सोमवार तड़के राज्य के पांच जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की. रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में कुल 18 ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल, बैंक दस्तावेज, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं.
रांची के कोचिंग सेंटर पर CID की बड़ी कार्रवाई
जांच के दौरान सीआईडी की टीम ने रांची के लालपुर स्थित पतंजलि एकेडमी और इसके संचालक संजीत उर्फ गोल्डेन के ठिकाने पर भी छापेमारी की. जांच एजेंसी को संदेह है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की ओएमआर शीट सबसे पहले इसी कोचिंग संस्थान में लाई जाती थी. आरोप है कि यहां प्रश्नों के सही उत्तर तैयार किए जाते थे और बाद में उसी के आधार पर अन्य ओएमआर शीट भरी जाती थीं.
सुबह 2 बजे से 6 बजे तक चली रेड
सीआईडी की कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 2 बजे से सुबह 6 बजे तक चली. इस दौरान अलग-अलग ठिकानों से लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बरामद की गई. इन दस्तावेजों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
अभय तिवारी और सहयोगियों की तलाश तेज
सीआईडी ने मार्केटिंग मैनेजर रहे अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया. वहीं, उसके साले सौरव की भी तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला.फिलहाल जांच एजेंसी ने इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
किन-किन जिलों में हुई छापेमारी?
रांची
- लालपुर स्थित पतंजलि कोचिंग सेंटर.
- धुर्वा सेक्टर-2, साइट-5 स्थित कोचिंग संचालक रवि कुमार का ठिकाना.
- नामकुम में आदित्य पांडेय के आवास पर छापेमारी.
बोकारो
- सेक्टर-3सी स्थित क्वार्टर नंबर-315 में सनत प्रकाश के आवास पर रेड.
पलामू
- डालटनगंज पांकी रोड स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर का परिसर.
- बीएन कॉलेज परिसर में शिक्षक संतोष कुमार सिंह का ठिकाना.
- नौडीहा बाजार स्थित पैतृक आवास और एक अन्य स्थान पर कार्रवाई.
धनबाद
- सरायढेला थाना क्षेत्र के वीटी इंफ्रा अपार्टमेंट.
- एक कोचिंग सेंटर.
- हाउसिंग कॉलोनी समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी.
हजारीबाग
- पौता में लालो यादव की तलाश में कार्रवाई.
- गंगादोहर स्थित सुमन सौरभ के आवास पर भी रेड.
जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा
सीआईडी की जांच में अब कोचिंग संस्थानों, निजी कंपनियों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों के बीच कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है. जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क और कथित भर्ती घोटाले में शामिल लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.