JTET Exam 2026: रांची में 3 हजार जवान तैनात! 200 मीटर तक धारा 144, कड़ी सुरक्षा में परीक्षा

झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) का आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है. परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. परीक्षा की निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 3 हजार जवानों की तैनाती की गई है.
 

Ranchi:  झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए रविवार का दिन बेहद अहम है। करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद राज्य में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। राजधानी रांची में शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त परीक्षा कराने के लिए करीब 3 हजार पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

5.65 लाख अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए 986 परीक्षा केंद्र

राज्यभर में आयोजित इस परीक्षा में कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए झारखंड के सभी 24 जिलों में 986 केंद्र बनाए गए हैं। लंबे अंतराल के बाद परीक्षा होने के कारण अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा देने में परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

रांची के 101 केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी

राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने खास तैयारी की है। यहां के 101 परीक्षा केंद्रों पर करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और ऐसी गतिविधियों पर रोक रहेगी, जिनसे परीक्षा की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

दो पालियों में हो रही परीक्षा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंध

J-TET परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली की परीक्षा पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और जांच पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है।

नकल करने वालों की खैर नहीं, प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई

राज्य सरकार ने परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी और कदाचार को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नकल कराने, अनुचित गतिविधियों में शामिल होने या परीक्षा में बाधा डालने वालों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अब सभी की नजर परीक्षा के शांतिपूर्ण समापन पर है, क्योंकि इस परीक्षा से राज्य के हजारों भावी शिक्षकों की उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।