परिवार संग रांची पहुंचे जस्टिस तरलोक सिंह चौहान, कल लेंगे मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ
झारखंड उच्च न्यायालय के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान अपने परिवार संग सोमवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, और हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। जस्टिस चौहान 23 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इसी दिन सुबह 10 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
समारोह में शामिल होंगे विशिष्ट अतिथि
शपथ समारोह में झारखंड सरकार के उच्च अधिकारी, न्यायाधीश, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही जस्टिस चौहान के करीब 50–60 पारिवारिक सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। उनके स्वागत और ठहरने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस और शहर के प्रमुख होटलों में विशेष व्यवस्था की गई है।
न्यायपालिका को मिली नई ऊर्जा
जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के रूप में झारखंड हाईकोर्ट को एक अनुभवी और संतुलित दृष्टिकोण वाले न्यायाधीश मिले हैं। न्यायिक विशेषज्ञों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में न्यायपालिका और अधिक पारदर्शी और प्रभावशाली बनेगी। उनकी नियुक्ति से राज्य की न्यायिक प्रणाली को मजबूती मिलेगी और न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी।