केंदुआडीह गैस रिसाव और भू-धंसान का मामला गरमाया, निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने प्रभावित इलाकों के पुनर्वास की उठाई मांग

Dhanbad: विधायक अरूप चटर्जी ने बेलगड़िया पुनर्वास स्थल की स्थिति पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि बेलगड़िया में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. छोटे-छोटे कमरों में लोगों को बसाया जा रहा है. जहां उनका जीवनयापन करना बेहद कठिन है. विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बेलगड़िया में पुनर्वास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. लेकिन यह पैसा कहां जा रहा है, इसकी कोई पारदर्शिता नहीं है.
 

Dhanbad: धनबाद के केंदुआडीह इलाके में गैस रिसाव और भू-धंसान की गंभीर घटना के बाद अरुप चटर्जी मौके पर पहुंचे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित बस्तियों की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. विधायक ने घटना के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोयला खनन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों की जान-माल खतरे में है.

अरुप चटर्जी ने मांग की कि

  • गैस रिसाव और भू-धंसान के कारणों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए,
  • प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास दिया जाए,
  • खनन क्षेत्रों में निरंतर मॉनिटरिंग और सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित हो

विधायक अरूप चटर्जी ने बेलगड़िया पुनर्वास स्थल की स्थिति पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि बेलगड़िया में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. छोटे-छोटे कमरों में लोगों को बसाया जा रहा है. जहां उनका जीवनयापन करना बेहद कठिन है. विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बेलगड़िया में पुनर्वास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. लेकिन यह पैसा कहां जा रहा है, इसकी कोई पारदर्शिता नहीं है.

अरुप चटर्जी ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यहां के लोगों के रोजगार और आजीविका से जुड़ी हुई है. अगर लोगों को उनके घरों से हटाया जा रहा है, तो पहले उनके रोजगार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने मांग की है कि केंदुआडीह के भू धसान क्षेत्र को जल्द से जल्द भराई कर सुरक्षित बनाया जाए. जिससे आगे इस तरह की घटनाएं न हों. साथ ही रैयत और गैर रैयत सभी प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास दिया जाए.

बीसीसीएल समझे अपनी जिम्मेदारी: अरूप चटर्जी

विधायक अरुप चटर्जी ने कहा कि लोगों का घर उजाड़ना समाधान नहीं है. पहले उनके रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था कीजिए. बीसीसीएल को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. बता दें कि केंदुआडीह क्षेत्र में हालात अब भी गंभीर बनी हुई है. स्थानीय लोग सुरक्षित पुनर्वास, रोजगार और मुआवजे की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं.