खूंटी पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई, PLFI के 6 सहयोगी गिरफ्तार..बड़े साजिश को अंजाम देने की हो रही थी कोशिश...
Ranchi: पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ अपराधी कार से पहुंचकर लेवी की राशि लेने वाले हैं और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं...
Mar 14, 2026, 19:13 IST
Ranchi: झारखंड के खूंटी जिला में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन PLFI से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये अपराधी अवैध हथियार के साथ लेवी की रकम लेने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
पुलिस ने उनके पास से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, लेवी वसूली का हिसाब-किताब और संगठन से जुड़े पर्चे बरामद किए हैं.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ अपराधी कार से पहुंचकर लेवी की राशि लेने वाले हैं और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं.
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तजना नदी के पास से तीन अपराधियों विजय भोक्ता, धीरज कुमार और अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में इन अपराधियों ने अपने अन्य साथियों के रांची की ओर जाने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने कालामाटी टुंगरी के पास एक कार का पीछा कर तीन और अपराधियों— शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनी और राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा को दबोच लिया.
अपराधियों के पास से हथियार बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी में कई मोबाइल फोन, दूसरे लोगों के नाम से खरीदे गए मोबाइल की रसीद, देसी पिस्टल, जिंदा गोली, पीएलएफआई संगठन के पर्चे, लेवी वसूली का हिसाब लिखा नोटबुक, ठेकेदारों और व्यवसायियों की सूची, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए.
PLFI के नाम पर मांगते थे रंगदारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर जेल में बंद पीएलएफआई के सदस्यों तक पहुंचाते थे. इसके बाद मोबाइल ऐप के जरिए वर्चुअल नंबर बनाकर व्यवसायियों को कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर लेवी की मांग की जाती थी.
लेवी नहीं देने पर संगठन के सक्रिय सदस्यों के जरिए फायरिंग कर दहशत फैलाने और धमकी भरे पर्चे जारी किए जाते थे.
कई कांड में थी इनकी तलाश
इस मामले में पुलिस ने खूंटी थाना में कांड संख्या 37/26 दर्ज करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधियों की संलिप्तता पहले की कई घटनाओं में भी रही है. इनमें पिपराटोली चौक स्थित शराब दुकान में बम विस्फोट, डुगडुगिया और डोरमा के क्रशर प्लांट में फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा शराब व्यवसायी से लेवी मांगने की घटनाएं शामिल हैं.