लातेहार की अनोखी शादी: विवाद के बाद कोर्ट पहुंचा मामला, आदेश के तहत पुलिस मौजूदगी में हुई अनोखी शादी
Latehar: झारखंड के लातेहार जिले में अदालत के आदेश के बाद एक प्रेमी युगल का गुरुवार को पुलिस अभिरक्षा में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया. दोनों सात वर्षों से साथ रह रहे थे और उनका एक पुत्र भी है। परिवार की असहमति के बाद मामला अदालत पहुंचा था.
अदालत के आदेश पर पुलिस अभिरक्षा में संपन्न हुआ विवाह
लातेहार में अदालत के आदेश के बाद गुरुवार को एक प्रेमी जोड़े का विवाह पुलिस अभिरक्षा में संपन्न कराया गया. दोनों का विवाह लातेहार के अंबाकोठी स्थित प्राचीन देवी मंडप में पुजारी दिलीप शुक्ला ने हिंदू रीति-रिवाज से कराया.
सात वर्षों से साथ रह रहे थे दोनों, एक पुत्र भी है
जानकारी के अनुसार चंदवा थाना कांड संख्या 44/26 में पीड़िता सीमा कुमारी (पिता बीरबल लोहरा, भूसाढ़, लातेहार) ने मामला दर्ज कराया था. उन्होंने बताया था कि आरोपी रामपाल गंझू (पिता विशेश्वर गंझू, तुपी चंदवा) के साथ उनका सात वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों एक साथ रह रहे थे. इस दौरान उनका एक पुत्र भी हुआ.
परिवार के विरोध के बाद पहुंचा मामला थाने तक
बताया गया कि आरोपी के परिवार वालों ने पीड़िता को अपनाने से इंकार कर दिया, जिसके बाद सीमा कुमारी ने चंदवा थाना में मामला दर्ज कराया. इसके बाद मामला न्यायालय में पहुंचा.
आपसी सहमति से विवाह के लिए अदालत में दिया आवेदन
बाद में पीड़िता ने अदालत में आपसी सहमति से विवाह कराने के लिए आवेदन दिया. मामले की सुनवाई करते हुए अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी जीव की अदालत ने दोनों पक्षों को विवाह करने का आदेश पारित किया.
प्राचीन देवी मंडप में पुलिस सुरक्षा के बीच हुआ विवाह
अदालत के आदेश के बाद गुरुवार को दोनों का विवाह अंबाकोठी स्थित प्राचीन देवी मंडप में पुलिस अभिरक्षा में विधिवत संपन्न कराया गया. इस दौरान स्थानीय लोग भी मौजूद रहे.