शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल, मेयर संजीव सिंह के करीबी समर्थक को घर में घुसकर गोलियों से भूना
Dhanbad: जिले के सोनारडीह थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर जनता मजदूर संघ के नेता और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को गोली मार दी. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने शुभम को तीन गोलियां मारीं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में शुभम को अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इलाज के दौरान मौत
घटना के समय शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर पर मौजूद था. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर उसे अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की. वहीं उनके समर्थकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कपिल और नगर पुलिस अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मृतक शुभम यादव का भी है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, मृतक शुभम यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे. फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
'शुभम यादव को गोली लगी है. जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.' कपिल चौधरी, ग्रामीण एसपी
वहीं मेयर संजीव सिंह ने कहा कि शुभम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई है. उसे गोली मारी गई थी. पुलिस से जांच पड़ताल करने की मांग की है. पुलिस इस मामले का जल्द खुलासा करेगी.