रांची में सत्ताधारी दलों के कार्यालय में गणतंत्र दिवस पर नेताओं ने फहराया तिरंगा, साथ ही कहा- गणतंत्र ही हमारी ताकत...
Ranchi: राजद प्रदेश कार्यालय में झंडोतोलन के बाद पार्टी के झारखंड प्रदेश के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आज ही के दिन आजाद भारत...
Jan 26, 2026, 17:27 IST
Ranchi: 77वें गणतंत्र दिवस पर आज राजधानी रांची में हर तरफ हर्षोल्लास का माहौल है. देशभक्ति के गीतों से सराबोर हुई राजधानी रांची में स्थित सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय के साथ-साथ कांग्रेस-राजद के प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया गया.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर तिरंगा फहराया. वहीं कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने झंडोतोलन किया. राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में पूर्व मंत्री एवं पार्टी के प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता ने झंडा फहराया.
राजद प्रदेश कार्यालय में झंडोतोलन के बाद पार्टी के झारखंड प्रदेश के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन आजाद भारत की सत्ता लोकतंत्र के रूप में आम आदमी को मिली. इसलिए आज का दिन हर एक भारतीय के लिए खुशियां मनाने का दिन है.
वहीं पार्टी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि लोकतंत्र और समाजवाद की राह पर चलकर ही देश तरक्की करेगा और विश्व गुरु बनेगा.
वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस को सिर्फ पर्व के रूप में नहीं बल्कि यह संविधान का उत्सव है. जिसने हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अभिव्यक्ति की आजादी दी.
आइये, इस पावन अवसर पर हमसब मिलकर इस लोकतंत्र को मजबूत करने, संविधान के मूल्यों की रक्षा और एक न्यायपूर्ण समतामूलक भारत के निर्माण का संकल्प लें.
हमारा संविधान हमें बराबरी का अधिकार देता है, गणतंत्र ही हमारी ताकतः विनोद पांडेय
वहीं झामुमो के केंद्रीय कैंप कार्यालय में झंडा फहराने के बाद अपने संबोधन में राज्यवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी. केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि हमारा लोकतंत्र ही हमारी ताकत है. भारत का संविधान ही हमें बराबरी का और अभिव्यक्ति की आजादी देता है.
आज का दिन न सिर्फ खुशियां मनाने का दिन है बल्कि यह संकल्प लेने का भी दिन है कि अपनी संविधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदा तत्पर रहते हुए हम अपने देश की तरक्की में योगदान करेंगे.