स्थानीय लोग उनके साथ मारपीट करते हैं...घर का ताला तोड़कर सामान निकाल लेते हैं... सरकार से गुलगुलिया परिवारों की मांग उन्हें सुरक्षा की गारंटी या दूसरे जगह पर बसाया जाए
Jharkhand Desk: झरिया के सिंह नगर स्थित गुलगुलिया बस्ती में रह रहे सैकड़ों परिवार ने स्थानीय लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. गुलगुलिया परिवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ मारपीट की जा रही है. इससे तंग आकर गुलगुलिया समाज के 20 से 25 परिवार, सिंह नगर छोड़कर जिला मुख्यालय के रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर डेरा जमा लिया है.
प्रशासन से दूसरी जगह बसाने की मांग
गुलगुलिया परिवारों ने सामान के साथ धरना स्थल को ही अपना ठिकाना बना लिया है. ये लोग प्रशासन से दूसरे जगह पर बसने की मांग कर रहे हैं. इन लोगों का कहना है कि इस ठंड में उनके बच्चों को परेशानी हो रही है. उन्हें भीख मांगकर या फिर छोटा मोटा काम करके जीवन यापन करना पड़ रहा है. गुलगुलिया समाज के लोगों का आरोप है कि स्थानीय लोग उनके साथ मारपीट करते हैं. घर का ताला तोड़कर सामान निकाल लेते हैं. इनका कहना है कि वे स्थानीय लोगों से तंग आ चुके हैं और वो कहां जाएंगे और कहां रहेंगे?. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके द्वारा घर में रखे कागजात भी जला दिए गए हैं. उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है. जिसके बाद उन्होंने धरनास्थल को अपना ठिकाना बना लिया है. गुलगुलिया परिवारों की मांग है कि जब तक उन्हें सुरक्षा की गारंटी या दूसरे जगह पर नहीं बसाया जाता, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे.
दरअसल, धरना स्थल पर 20 से 25 परिवार शरण लेकर रह रहे हैं. उनका कहना है कि जब वे प्रशासन के पास जाते हैं तो प्रशासन हमें समझा बुझाकर घर भेज देता है. उनका कहना है कि स्थानीय लोगों से परेशान होकर ही अपना आशियाना छोड़ने को मजबूर हैं. सिंह नगर स्थित गुलगुलिया बस्ती में करीब 500 लोग बसे हुए हैं.
स्थानीय लोग हमारे साथ करते है मारपीट
धरनास्थल पर रह रही एक महिला ने बताया कि सिंह नगर में वहां के लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता करते हैं. यही नहीं घर में घुसकर वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं, स्थानीय लोगों द्वारा उनके बाल बच्चों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा जाता है. महिला की मांग है कि जब तक उन्हें किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट नहीं किया जाता तब तक धरनास्थल पर ही रहेंगे.