धनबाद में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, हाइड्रोलिक रथ बना आकर्षण का केंद्र, भक्तों में दिखा उत्साह
Dhanbad: धनबाद में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई. इस वर्ष महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा आकर्षक हाइड्रोलिक रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकले. रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा.
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ आस्था की डोर थामकर भगवान के रथ को खींचा. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया, वहीं भजन-कीर्तन और धार्मिक झांकियों ने यात्रा को और भी भव्य बना दिया.
इस बार भी रथ यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण आईआईटी (आईएसएम) के छात्रों द्वारा तैयार किया गया हाइड्रोलिक रथ रहा. आधुनिक तकनीक से बने इस रथ की ऊंचाई जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है, ताकि संकरी गलियों और रास्ते में आने वाले बिजली के तारों के बीच रथ को सुरक्षित तरीके से निकाला जा सके. श्रद्धालुओं ने इस नवाचार की जमकर सराहना की.
रथ की रस्सी पकड़कर भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखाई दिया. यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर भगवान को पारंपरिक 56 भोग अर्पित किए गए. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया.
रथ यात्रा में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल की धर्मपत्नी भी शामिल हुईं. उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर बीसीसीएल की प्रगति, समृद्धि और कर्मचारियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की.
वहीं, इस्कॉन धनबाद के अध्यक्ष नाम प्रेम दास ने बताया कि रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. भगवान को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि रथ यात्रा के गोल्फ ग्राउंड स्थित गुंडीचा मंदिर पहुंचने पर भगवान का भव्य स्वागत किया जाएगा. इसके साथ ही चार दिवसीय जगन्नाथ महोत्सव की शुरुआत होगी, जिसमें भजन-कीर्तन, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.