प्यार बना मौत की वजह: प्रेमी ने प्रेमिका के सिर में मारी गोली, रास्ते में टूटी सांस

 

Jharkhand crime news: झारखंड के सिमडेगा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी 22 वर्षीय प्रेमिका को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती ने रिम्स ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, युवती जेबा परवीन और उसके ब्वॉयफ्रेंड के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में युवक ने बंदूक उठाई और युवती के सिर में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में जेबा परवीन को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। हालांकि, रिम्स पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि युवती ने मौत से पहले आरोपी का नाम पुलिस को बताया था। मृतका के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।