मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का शव रांची लाने की तैयारी, पोस्टमार्टम हुआ पूरा

Ranchi:   मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. अब शव को रांची लाने की तैयारी की जा रही है. शव के रांची पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. परिजन इस दुख की घड़ी में बेटी को अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं.
 

Ranchi:   झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का शव जमशेदपुर से रांची स्थित उनके आवास लाया जा रहा है। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके बाद शव को रांची लाया जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे में तृषा सिंह समेत चार युवाओं की मौत हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

हादसे की खबर से झारखंड में शोक की लहर

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे झारखंड में शोक की लहर है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार के साथ बड़ी संख्या में राजनीतिक नेताओं और सामाजिक लोगों ने संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी समेत राज्य के कई नेताओं, मंत्रियों और विधायकों ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तृषा सिंह समेत हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में साथी मंत्री और बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस बेहद कठिन समय में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

रांची में अंतिम विदाई की तैयारी

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा सिंह का शव रांची लाया जा रहा है। शव के रांची पहुंचने के बाद परिवार और परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हादसे में चार युवाओं की असमय मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।