रांची पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 459 जवान इधर से उधर

Ranchi: रांची जिला बल में बड़ा फेरबदल किया गया है। जिले के 459 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है, जिसमें 68 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. तबादले के बाद पुलिसकर्मियों को नई तैनाती दी गई है. इस बदलाव को जिला पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
 

Ranchi: रांची जिला पुलिस बल में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कुल 459 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। इनमें 391 पुरुष और 68 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।

आदेश के तहत पुलिसकर्मियों को उनकी वर्तमान तैनाती से हटाकर अलग-अलग थाना, ओपी, रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिस इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। सूची में डीएपी, एच डीएपी, एल डीएपी और ओआर श्रेणी के पुलिसकर्मी शामिल हैं।

कई थानों और पुलिस इकाइयों में नई तैनाती

तबादला सूची में कई पुलिसकर्मियों को एक थाना रिजर्व गार्ड से दूसरे रिजर्व गार्ड में भेजा गया है। वहीं, कुछ जवानों की तैनाती पुलिस लाइन, यातायात, महिला थाना और अन्य पुलिस इकाइयों में की गई है।

68 महिला पुलिसकर्मियों का भी तबादला किया गया है। उन्हें महिला थाना, कोतवाली, सदर, डोरंडा, अरगोड़ा, जगन्नाथपुर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस प्रतिष्ठानों में नई जिम्मेदारी दी गई है।

जल्द योगदान देने का निर्देश

एसएसपी कार्यालय के आदेश में सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को नई पदस्थापना पर जल्द योगदान देने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक पुलिसकर्मी के नाम के सामने उसकी वर्तमान और नई पदस्थापना का विवरण दिया गया है। इस बड़े फेरबदल के बाद रांची जिला पुलिस बल में कई थाना क्षेत्रों की तैनाती व्यवस्था में बदलाव होगा।