झारखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट: रामगढ़, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की चेतावनी, 50 Kmph की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

Jharkhand Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
 

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आंधी-तूफान का अलर्ट

  • मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज झारखंड के पश्चिमी और मध्य भागों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की आशंका है. इसके साथ ही आसमान में घने बादल छाए रहेंगे, मेघगर्जन होगा और वज्रपात की प्रबल संभावना बनी हुई है.
  • दूसरी तरफ, राज्य के दक्षिणी और उससे सटे इलाकों में भी मौसम का मिजाज तल्ख रहेगा. इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ ही अचानक बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा रहता है.

इन तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

  • आज यानी 16 जुलाई को राज्य के तीन प्रमुख जिलों में भारी बारिश का विशेष पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, रामगढ़, बोकारो और धनबाद के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. इन जिलों में सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा है और कुछ जगहों पर रुक-रुक कर बौछारें पड़ रही हैं. इसके अलावा, आज पूरे झारखंड में अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की पूरी संभावना जताई गई है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.

झारखंड में कैसा है मानसून का हाल?

  • झारखंड में इस साल मानसून की रफ्तार थोड़ी उतार-चढ़ाव भरी रही है. जून और जुलाई के शुरुआती हफ्तों में कई जिलों में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई थीं. हालांकि, अब बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के कारण मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ रहा है. 16 और 17 जुलाई को होने वाली यह बारिश खेती-किसानी के लिए बेहद संजीवनी साबित हो सकती है. धान की रोपनी की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह मानसूनी बारिश बेहद फायदेमंद रहेगी. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून पूरे राज्य में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा. जिससे बारिश की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं. इसका असर विशेष रूप से राज्य के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में देखने को मिलेगा, जहां कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

बारिश के दौरान तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.

राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मानसून सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है.