PM मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ पर विवादित टिप्पणी करने वाला शख़्स गिरफ्तार, रांची में एफआईआर दर्ज
Ranchi: नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हटिया विधायक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. मामले में भाजपा के एक पदाधिकारी ने नगड़ी थाना में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला
पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ और हटिया विधायक के ऊपर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी और धमकी के बाद भाजपा, रांची के नगड़ी मंडल की ओर से नगड़ी थाना में एक लिखित आवेदन दिया है. साथ ही सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है.
क्या है आवेदन में
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नगड़ी निवासी अलीम अंसारी ने एक वीडियो के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हटिया के विधायक नवीन जायसवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है.
साथ ही विधायक नवीन जायसवाल को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. भाजपा नगड़ी मंडल के अध्यक्ष रितेश राज महतो द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वीडियो में धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है. आवेदन के अनुसार, वीडियो में कथित रूप से पशु काटकर और उसे खाने संबंधी बयान भी दिया गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
कड़ी कारवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए. आवेदन पर नगड़ी थाना द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बीजेपी नेता रितेश राज ने बताया कि पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी और विधायक नवीन जायसवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है. इसे लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. उम्मीद है पुलिस इस पर सख्त कार्रवाई करेगी.