7 साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास से सनसनी, पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार

Latehar:  महुआडांड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि उसने सुनसान स्थान पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया. जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
 

Latehar: झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 20 वर्षीय युवक पर 7 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले की पुष्टि डीएसपी पूजा कुमारी ने की है.

बहला-फुसलाकर बच्ची को ले गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, महुआडांड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि उसने सुनसान स्थान पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया. जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने परिजनों को बताया कि बच्ची को एक युवक के साथ जाते हुए देखा गया था. इसके बाद परिजनों ने तत्काल महुआडांड़ थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी.

नेतरहाट क्षेत्र से सकुशल बरामद हुई बच्ची

शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी. इसी बीच सूचना मिली कि बच्ची को एक व्यक्ति के साथ नेतरहाट थाना क्षेत्र में देखा गया है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. मौके से आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

बच्ची को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज

डीएसपी पूजा कुमारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

अभिभावकों से पुलिस की अपील

डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या घटना की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. साथ ही अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ जाने से रोकें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.