रांची में नए फ्लाईओवर पर युवक ने किया खतरनाक स्टंट, वायरल वीडियो पर मंत्री ने जताई नाराज़गी

राजधानी रांची में हाल ही में उद्घाटन हुए सिरमटोली फ्लाईओवर, जिसे अब 'बाबा कार्तिक उरांव फ्लाईओवर' नाम दिया गया है, पर उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद एक युवक का स्टंट करता हुआ वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस फ्लाईओवर का उद्घाटन 5 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था।
वायरल वीडियो में एक युवक बाइक से तेज रफ्तार में खतरनाक करतब करता नजर आ रहा है, जिससे न केवल उसकी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरा हो सकता था। वीडियो वायरल होते ही इस पर झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री बिरुआ ने अपने पोस्ट में लिखा—"रांची ट्रैफिक पुलिस इस होनहार बालक की पहचान कर इन्हें परिवहन नियमों की जानकारी दे तथा अविलंब उचित कार्रवाई करे। यह स्टंट नहीं, सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग है। रांची पुलिस इनसे पूछे कि जीवन कीमती है या स्टाइल का जलवा?"