‘मेरा शहर मेरा हक’ अभियान शुरू! रांची समेत 28 शहरों में यूथ कांग्रेस मांगेगी निकायों का हिसाब

Ranchi: यूथ कांग्रेस ने ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान की शुरुआत की है. रांची समेत देश के 28 शहरों में शुरू हुई इस मुहिम के जरिए शहरी निकायों के कामकाज, विकास योजनाओं और जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी. यूथ कांग्रेस का कहना है कि अभियान के माध्यम से शहरों की समस्याओं को सामने लाने और स्थानीय निकायों से उनके कामकाज का हिसाब मांगने का प्रयास किया जाएगा.
 

Ranchi: झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने शहरी इलाकों की समस्याओं को लेकर ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता रांची समेत शहरी निकाय क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर उन्हें मिल रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेंगे. लोगों की समस्याओं और शिकायतों को एकत्र करने के बाद संबंधित नगर निकाय के मेयर या अध्यक्ष के सामने रखा जाएगा और उनके समाधान की मांग की जाएगी.

हर वार्ड में पहुंचेगा युवा कांग्रेस का अभियान

रांची कांग्रेस भवन में अभियान की शुरुआत करते हुए रांची महानगर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि राजधानी रांची की स्थिति बेहद खराब है और शहर के लोग कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं. उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे आम लोगों के बीच जाएंगे और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे.

गौरव सिंह ने रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में भाजपा के प्रतिनिधि हैं और रांची विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा के विधायक लगातार जीतते रहे हैं. इसके बावजूद शहर में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है.

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान शहर की कई सड़कें जलमग्न होकर नदी जैसी स्थिति में बदल जाती हैं. यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता इन समस्याओं को लेकर मेयर से बातचीत करेंगे और समाधान का रास्ता निकालने की मांग करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा.

लोगों की समस्याओं के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर

‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान के तहत लोगों को अपनी समस्याएं सीधे युवा कांग्रेस तक पहुंचाने के लिए एक टोल फ्री नंबर 9811867474 जारी किया गया है. इसके जरिए लोग अपने इलाके से जुड़ी समस्याओं की जानकारी संगठन तक पहुंचा सकते हैं.

इसके अलावा युवा कांग्रेस ने एक चेकलिस्ट भी जारी की है. इसमें शहरी क्षेत्र में मिलने वाली विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सवाल शामिल किए गए हैं. लोगों से चेकलिस्ट के माध्यम से अपने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी देने को कहा गया है.

चेकलिस्ट में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल समेत अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है. इससे अलग-अलग वार्डों में सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने की कोशिश की जाएगी.

नागरिकों से सीधे संपर्क करेंगे कार्यकर्ता

झारखंड युवा कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष सौरव अग्रवाल ने कहा कि अभियान के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर जाकर प्रत्येक नागरिक से सीधा संपर्क करेंगे. लोगों से उनके इलाके की समस्याओं और नगर निकाय की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी.

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एकत्र की गई जानकारी के आधार पर रांची नगर निगम के मेयर से सीधे संपर्क किया जाएगा और समस्याओं के समाधान की मांग रखी जाएगी.

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

यूथ कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल समस्याओं की जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए नगर निकाय पर दबाव बनाना भी है. संगठन का कहना है कि अगर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम के घेराव के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा.

‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान के जरिए युवा कांग्रेस अब वार्ड स्तर पर शहरी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेकर उसे नगर निकाय के सामने रखने की तैयारी में है. इससे आने वाले दिनों में रांची नगर निगम और युवा कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ने के भी संकेत मिल रहे हैं.