रांची में 7° गिरा पारा! आज 5 जिलों में भारी बारिश का Orange Alert

Ranchi:  बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर जारी है. बुधवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई. राजधानी रांची में करीब 35 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी. लगातार बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
 

Jharkhand Weather Update:  बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। बुधवार को भी झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। सुबह से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। राजधानी रांची में करीब 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के कारण रांची के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। हालांकि, लगातार हो रही बारिश से किसान काफी खुश हैं। करम पर्व के दूसरे दिन हुई अच्छी बारिश को कृषि के लिए अनुकूल माना जा रहा है। किसानों को इस बार अच्छी फसल की उम्मीद है।

रांची के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट

लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम है।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री, मेदिनीनगर में 4.1 डिग्री, बोकारो में 4.4 डिग्री और चाईबासा में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

रांची समेत 5 जिलों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार के लिए झारखंड के पांच जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

गुरुवार को झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

25 सितंबर को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

धीरे-धीरे साफ होने लगेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ समय तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हालांकि, मौसम प्रणाली के धीरे-धीरे आगे बढ़ने के साथ राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने के बाद रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ हो सकता है।

किसानों के लिए राहत, शहरों में जलजमाव की चुनौती

लगातार बारिश ने जहां शहरी इलाकों में जलजमाव और आवागमन की परेशानी बढ़ाई है, वहीं खेतों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त बारिश होने से किसानों को इस सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। हालांकि, अत्यधिक बारिश वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था पर भी नजर रखना जरूरी होगा।