झारखंड में माइनिंग टूरिज्म की शुरुआत, Jharkhand Tourism और CCL के बीच हुई एक ऐतिहासिक साझेदारी

 

झारखंड अब पर्यटन के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। राज्य में खनन पर्यटन (Mining Tourism) की शुरुआत राज्य की औद्योगिक क्षमता और ऊर्जा इतिहास को जनता के समक्ष लाने की एक अनूठी पहल है। यह कदम झारखंड सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है।

राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कहा, "खनन पर्यटन सिर्फ एक नई योजना नहीं है, यह झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक पहचान और पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ा और साहसिक कदम है। मैं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस नवाचार के लिए बधाई देता हूँ। उनके नेतृत्व में झारखंड निरंतर विकास और बदलाव की दिशा में अग्रसर है।"

यह ऐतिहासिक अवसर झारखंड पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (JTDC) और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत संभव हुआ है।

समझौते के मुख्य बिंदु:

  • शुरुआत का स्थान: प्रारंभ में इस खनन पर्यटन का संचालन उत्तर उरीमारी खदान (North Urimari Mines) से होगा। भविष्य में अन्य खदानों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
  • समझौते की अवधि: यह करार 5 वर्षों के लिए किया गया है, जिसे आवश्यकता अनुसार अगले 5 वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा।
  • पर्यटन व्यवस्था: JTDC प्रत्येक सप्ताह दो दिन खनन पर्यटन की सुविधा देगा। प्रति टूर 10 से 20 व्यक्तियों के समूह की सीमा होगी।
  • सुरक्षा एवं नियमावली: पर्यटकों को खदान में प्रवेश से पूर्व CCL द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों, दिशा-निर्देशों और स्वास्थ्य संबंधित शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। अंतिम अनुमति CCL द्वारा दी जाएगी।
  • गाइड सेवा: CCL खनन प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी साझा करने के लिए गाइड्स की व्यवस्था करेगा।
  • संयुक्त प्रयास: JTDC इस योजना का प्रचार-प्रसार करेगा जबकि CCL आवश्यक सहयोग और संसाधन प्रदान करेगा।

इस अवसर पर CCL के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर निलेंदु कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक विजया जाधव, JTDC के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन, सहित दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यह पहल झारखंड को पर्यटन के नए नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। औद्योगिक विकास, रोजगार और सांस्कृतिक जुड़ाव का यह संगम भविष्य में राज्य की पहचान को और अधिक व्यापक बनाएगा।