विधायक कल्पना सोरेन ने सदन में उठाया अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर चेक पोस्ट का मामला, सरकार ने दिया समाधान का आश्वासन

 

झारखंड विधानसभा में गुरुवार को अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर कॉमर्शियल वाहनों के लिए चेक पोस्ट की बहाली का मुद्दा गरमाया। गांडेय की विधायक कल्पना मूर्मू सोरेन ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत इस मसले को सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले 7-8 सालों से चेक पोस्ट बंद रहने से राज्य को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।

सरकार ने तीन महीने में बहाली का दिया भरोसा
इस मुद्दे पर जवाब देते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने सदन को आश्वस्त किया कि विभाग जल्द ही चेक पोस्ट व्यवस्था फिर से शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि 2017 से यह प्रावधान बंद था, लेकिन अगले तीन महीनों में इसे पुनः शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, वित और संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी इस मुद्दे की गंभीरता को स्वीकारते हुए कहा कि विधायक कल्पना मूर्मू सोरेन का ध्यानाकर्षण राज्य और राजस्व हित से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।