विधायक रोशन लाल चौधरी ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान ड्रग्स का उठाया मामला, सदन में कहा, नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन की हो घोषणा...
Ranchi: साल 2024 में 804 मामले दर्ज हुए और 1,062 गिरफ्तारियां हुईं. जबकि साल 2025 में कांड की संख्या घटकर 782 हो गई. इस साल 994 गिरफ्तारियां हुईं. प्रभारी मंत्री ने कहा कि हजारीबाग में साल 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के 183 मामले दर्ज हुई.
Mar 14, 2026, 17:14 IST
Ranchi: बजट सत्र के 14वें दिन प्रश्नकाल के दौरान ड्रग्स के अवैध कारोबार का तेजी से फैलाव और इसके आदी हो रहे युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला विधायक रोशन लाल चौधरी ने उठाया.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग और रामगढ़ में तेजी से युवा नशे की लत का शिकार हो रहे हैं. इसकी वजह से आपराधिक घटनाएं बढ़ रहीं हैं. इसपर नियंत्रण पाना बेहद जरुरी है. इसके लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन की जरुरत है.
NDPS ACT के मामलों में आई है कमी
जवाब में प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया. उन्होंने एनडीपीएस (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances) एक्ट के तहत पिछले तीन वर्षों में की गई कार्रवाई का ब्यौरा साझा करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कमी आई है. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक एनडीपीएस एक्ट के तहत साल 2023 में 529 मामले दर्ज हुए और 773 गिरफ्तारियां हुईं.
साल 2024 में 804 मामले दर्ज हुए और 1,062 गिरफ्तारियां हुईं. जबकि साल 2025 में कांड की संख्या घटकर 782 हो गई. इस साल 994 गिरफ्तारियां हुईं. प्रभारी मंत्री ने कहा कि हजारीबाग में साल 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के 183 मामले दर्ज हुई. लेकिन फरवरी 2026 तक सिर्फ 17 मामले दर्ज हुए हैं. इससे साफ है कि कार्रवाई का असर हो रहा है.
इसपर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने भी सुझाव दिया कि रांची समेत कई जिलों में सूखा नशा का कारोबार फैल रहा है. युवाओं को इसकी लत लग रही है. युवा डिप्रेशन के शिकार होकर आत्महत्या कर रहे हैं. इसको गंभीरता से लेने की जरुरत है.
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विशेष टास्क फोर्स बनाने की जरूरत है ताकि इसपर लगाम लगाई जा सके. जवाब में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ ना हो, इसको ध्यान में रखते हुए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा.
इस नंबर पर दें अवैध ड्रग्स की सूचना
हालांकि, विभाग की ओर से कहा गया है कि राज्य में 30 नवंबर 2022 से विशेष टास्क फोर्स गठित है जो केंद्र और राज्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम करती है. आम लोग MANAS पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 के जरिए ड्रग्स से संबंधित सूचना दें.
पोर्टल के प्रचार प्रसार के लिए जनसंपर्क विभाग से अनुरोध किया गया है. इसके लिए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और नगरीय क्षेत्रों में समय-समय पर जागरुकता अभियान भी चलाया जाता है.