झारखंड में मानसून हुआ एक्टिव, 19 जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का खतरा

Jharkhand Weather Update: अगले 2–3 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.
 

Jharkhand Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार (30 जून) के लिए रांची, खूंटी समेत राज्य के 19 जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

मौसम विभाग के अनुसार, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और जामताड़ा सहित कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है.

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में झारखडं के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. आज रांची में अधिकतम तापमान लगभग 30-33°C और न्यूनतम 22-24°C रहने की उम्मीद है. वहीं, पूरे झारखंड में आज तापमान में 2-4°C की गिरावट होने की संभावना है. इसके अलावा आज झारखंड के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

झारखंड के इन जिलों में होगी बारिश

आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जिलों में तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

जानें आज कहां-कहां है आंधी और वज्रपात का अलर्ट

रांची मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. विशेष रूप से रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, देवघर और दुमका समेत कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

आज पलामू रहेगा सबसे ज्यादा गर्म

झारखंड में बारिश की गतिविधियों के बावजूद राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना रह सकता है. पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। डालटनगंज (पलामू) राज्य का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां हाल के दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. आज भी इन जिलों में तापमान अन्य जिलों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है.

रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बादल, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सबसे ज्यादा सुहावना रहने की उम्मीद है. इन जिलों में दिन का तापमान सामान्य से कम रह सकता है और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी.

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जबकि खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के कई इलाकों में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई. कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग का कहना है कि 4 जुलाई तक राज्य में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं और कई जिलों में झमाझम वर्षा देखने को मिलेगी.