आसमान से बरपा कहर, शादी के मंडप में छाया मातम, दो की मौत
Jamtara: शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अचानक आई आसमानी आफत ने समारोह को दर्दनाक हादसे में बदल दिया. तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह पूरे उत्साह के साथ चल रहा था. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मौके पर ही दो लोगों की जान चली गई, जबकि घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद शादी का खुशनुमा माहौल गम में बदल गया.
वज्रपात से दो की मौत
जानकारी के अनुसार घटना देर रात बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चरकादाहा गांव में घटी थी. बताया जाता है कि चरका दाहा गांव में एक शादी समारोह हो रहा था. गांव के सभी लोग इसमें शामिल होने आए थे. खुशनुमा माहौल था. सब मौज मस्ती कर रहे थे कि अचानक तेज आंधी हवा और बारिश आ गई. सभी लोग बारिश से बचने के लिए शेड का सहारा लेने लगे. लेकिन उसी समय काफी गरज के साथ वज्रपात हुआ. जिसने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद अफरा तफरी मच गई और माहौल गमगीन हो गया. आनन फानन में किसी तरह से गांव के लोग मृतक व्यक्ति एवं घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए जहां पर चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
सूचना पाकर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आगे की जांच में जुट गई. इस मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों और घायलों को सरकार द्वारा जो उचित मुआवजा है वह दिया जाएगा. फिलहाल इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. दो लोगों की जिंदगी समाप्त होने से परिजनों का रो-रो का बुरा हाल है.