सारंडा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने की फायरिंग, सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा, घायल जवान अस्पताल में भर्ती...
Ranchi: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से बड़ी खबर सामने आई. जहां सारंडा के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा और चडराडेरा के बीच यह एनकाउंटर हुआ. जंगल में रुक-रुककर फायरिंग जारी है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया. इस पूरे मामले की पुष्टि एसपी अमित रेणु ने की है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
सारंडा का जंगल नक्सलियों का गढ़
सारंडा का जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है. सुरक्षा बल लगातार इस इलाके में ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. हाल के दिनों में कई बड़े अभियान चलाए गए हैं, जिनमें नक्सलियों को भारी नुकसान भी पहुंचा है. झारखंड सरकार और केंद्र सरकार की ओर से नक्सलवाद के खात्मे के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
नक्सलवाद के खिलाफ ऑपरेशन जारी
सुरक्षाबलों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है और खुफिया तंत्र को भी मजबूत किया गया है. सरकार का दावा है कि आने वाले समय में नक्सल प्रभाव वाले इलाकों को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया जाएगा. फिलहाल सारंडा के जंगल में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती जा रही है.