धनबाद: नीरज सिंह हत्याकांड पर आज कोर्ट का फैसला, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

 

Dhanbad: धनबाद का सबसे चर्चित मामला पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और उनके तीन सहयोगियों की हत्या, अब अपने अंजाम तक पहुंचने वाला है। बुधवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में विशेष न्यायाधीश दुर्गेशचंद्र अवस्थी फैसला सुनाएंगे। पूरे जिले में फैसले को लेकर बेक़रारी है। सिंह मेंशन और रघुकुल दोनों जगहों पर सन्नाटा और बेचैनी साफ़ महसूस की जा रही है।

21 मार्च 2017 की सनसनीखेज वारदात

सात साल पहले 21 मार्च 2017 की शाम, धनबाद के सरायढेला स्टीलगेट इलाके में नीरज सिंह, उनके पीए अशोक यादव, बॉडीगार्ड मुन्ना तिवारी और ड्राइवर घल्टू महतो की अंधाधुंध गोलीबारी में हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे झारखंड से लेकर यूपी-बिहार तक हलचल मचा दी थी।

12 आरोपित, 408 तारीखें और 74 गवाह

पुलिस ने मामले में नीरज सिंह के चचेरे भाई और पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 12 लोगों को अभियुक्त बनाया था। इनमें से 10 लोग अब तक ट्रायल का सामना कर रहे थे।
408 से ज्यादा तारीखों में केस की सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष ने 74 गवाहों को पेश किया, जबकि बचाव पक्ष ने पांच गवाहों को कोर्ट में उतारा। लंबी बहस और गवाही के बाद अब अदालत अपने नतीजे पर पहुंची है।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

फैसले के दिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी है। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रणधीर वर्मा चौक से लेकर डीआरएम चौक तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। कोर्ट परिसर और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

संजीव सिंह आज होंगे कोर्ट में पेश

सात साल बाद फैसले के दिन संजीव सिंह भी कोर्ट में पेश होंगे। अब तक वे सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के चलते धनबाद नहीं आते थे। उनकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने चाक-चौबंद इंतज़ाम किए हैं।

तीन आरोपी अब भी जेल में

मामले के 10 ट्रायल फेस कर रहे आरोपियों में सात को पहले ही जमानत मिल चुकी है। हालांकि शूटर चंदन सिंह उर्फ रोहित, सागर सिंह उर्फ शिबू और विनोद सिंह अभी भी जेल में हैं।