एक बार फिर मौसम ने ली करवट, अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में बनी रहेगी ठंड..बारिश के भी आसार...
Jharkhand Weather Update: झारखंड में सर्दी की फिर से वापसी होती दिख रही है. वजह है वेस्टर्न डिस्टरबेंस, 29 जनवरी की सुबह से ही ठंडी हवा चलने लगी थी जिसका असर 1 फरवरी तक दिख सकता है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड बनी रहेगी, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है.
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.
कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. खासकर पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा जैसे क्षेत्रों में सुबह की ठंड ज्यादा असर दिखा सकती है.
वहीं दिन के समय अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन शाम ढलते ही ठंड लौट आएगी.
कोहरा और हल्की बारिश बढ़ाएगी परेशानी
अगले कुछ दिनों तक सुबह-सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
2 फरवरी से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक फिर इजाफा होने की संभावना है. लेकिन 5 फरवरी से 6 फरवरी के बीच बारिश की भी संभावना जताई गई है. लिहाजा हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने से ठंड का असर फिर से बढ़ेगा.
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर झारखंड तक पहुंच रहा है.
इसके कारण ठंडी हवाओं का प्रवेश हो रहा है, जिससे न्यूनतम तापमान गिर रहा है और बादल-बारिश जैसी स्थिति बन रही है. यही कारण है कि दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर महसूस किया जा रहा है.
किस तरह की बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. सुबह कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें.
बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें. बदलते मौसम में सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण से बचाव के लिए भी एहतियात रखें.