लंबित कार्यों को तय समय में पूरा करने का आदेश, मंडल डैम को लेकर प्रशासन सक्रिय 

Garhwa: बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अनन्य मित्तल ने स्पष्ट किया कि विस्थापितों का बेहतर पुनर्वास और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द धरातल पर उतारें.
 

Garhwa: जिले के उपायुक्त (डीसी) ने मंडल डैम परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. समीक्षा बैठक में निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए डीसी ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा.

बैठक में मंडल डैम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने निर्माण कार्य, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और मुआवजा वितरण की स्थिति की जानकारी डीसी को दी. डीसी ने स्पष्ट कहा कि परियोजना से प्रभावित लोगों के पुनर्वास में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विस्थापित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पूरा किया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. डीसी ने कहा कि परियोजना विकास के लिए जरूरी है, लेकिन विस्थापितों के अधिकारों और हितों की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है.

समीक्षा के दौरान डैम निर्माण से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं पर भी चर्चा हुई. डीसी ने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का त्वरित समाधान निकालने का निर्देश दिया. साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने को कहा.

बैठक में परियोजना से जुड़े विभागों के अधिकारी, अभियंता और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि मंडल डैम परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विकास से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान होगा.