रिम्स छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद आक्रोश, भाजपा ने सरकार और पुलिस पर साधा निशाना, आज रांची SSP कार्यालय का घेराव...

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में रिम्स की डेंटल छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने सियासी और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है. घटना के विरोध और त्वरित न्याय की मांग को लेकर भाजपा ने आज रांची SSP कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है.
 

Ranchi: राजधानी की डेंटल छात्रा के साथ पिछले दिनों हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना में आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए रांची में महानगर भाजपा की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया. मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में महिला भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल थे.

मशाल लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से परमवीर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक के लिए निकले. इस दौरान भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार और रांची पुलिस तुष्टीकरण के चलते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है और जिस एक आरोपी को पकड़ा गया है, उसके पिता द्वारा पीड़िता और उसकी फ्रेंड को डराया धमकाया जा रहा है, जो इस मामले में मुख्य गवाह हो सकती है.

भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि राज्य में महिला अपराध में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हुई है. भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि हेमंत सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. हेमंत सरकार तुष्टीकरण के चलते डेंटल छात्रा के साथ हुए अत्याचार पर भी चुप है.

इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रांची महानगर और भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सड़क पर दिखे. भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को लेकर 20 अप्रैल को एसएसपी कार्यालय के घेराव की भी घोषणा की है.