जमीन माफियाओं के खिलाफ पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध संपत्तियों की पहचान कर जब्ती की प्रक्रिया शुरू...
Palamu: जमीन के कारोबार में आपराधिक गठजोड़ के खिलाफ पलामू पुलिस सख्त हो गई है. जमीन कारोबारियों की संपत्ति का आकलन किया जाएगा और उनके आय के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी जाएगी. आय के स्रोत और संपत्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर संबंधित संपत्ति जब्त की जाएगी.
दरअसल, पलामू पुलिस ने जमीन कारोबारियों और आपराधिक गठजोड़ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की योजना तैयार की है और जमीन कारोबारियों की सूची भी तैयार की गई है. सूची में कई नाम जोड़े जा रहे हैं. जमीन के वैसे कारोबारी जिन पर मुकदमे दर्ज हैं या उनकी गतिविधि अपराध से जुड़ी हुई है उनकी संपत्ति के बारे में जानकारी मांगी जाएगी.
“पलामू पुलिस जमीन के कारोबार में आपराधिक गठजोड़ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाली है. उनकी संपत्ति का भी आकलन किया जाएगा और जब्त की जाएगी. कानून में इसके लिए कई प्रावधान हैं. पुलिस ने चेतावनी भी जारी की है. पुलिस सूची भी तैयार कर रही है और उसी के तहत कार्रवाई भी करेगी. वैसे लोग जो जमीन के कारोबार में अपराधियों की मदद कर रहे हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.” - कपिल चौधरी, एसपी, पलामू
रडार पर कई जमीन कारोबारी, डीड और एग्रीमेंट पर भी नजर
जमीन के कारोबार को लेकर पलामू पुलिस को कई जानकारी मिली है. पुलिस को पता चला है कि जमीन के कारोबार में बड़े पैमाने पर अपराध से जुड़े हुए लोग शामिल हैं और उनके पैसों का इस्तेमाल किया जा रहा है. पुलिस अपराध के पैसों को लेकर सख्त है और उनके खिलाफ कार्रवाई की योजना तैयार कर रही है. पुलिस जमीन के कारोबार से जुड़े डीड और एग्रीमेंट पर भी नजर रखी हुई है.
पुलिस को सूचना मिली है कि आपराधिक तत्व सफेदपोश का इस्तेमाल कर के जमीन का कारोबार कर रहे हैं. हाल के दिनों में पलामू में जमीन के कारोबार में कई घटनाएं हुई है, जिसके बाद पुलिस ने सख्त रूप अपनाया है.