पुलिस प्रिंस खान के अंडर ग्राउंड समर्थकों की कर रही तलाश, दर्जन भर अपराधी पुलिस की रडार पर...
Ranchi: पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के लोकल नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. विदेश (संभवतः दुबई) में बैठकर रांची में रंगदारी और आतंक फैलाने वाले प्रिंस खान के अंडरग्राउंड समर्थकों की एक बड़ी टीम सक्रिय है. पुलिस को एक दर्जन से अधिक संदिग्धों की पुख्ता जानकारी मिली है, जिनकी कुंडली खंगाली जा रही है. रांची पुलिस ने प्रिंस खान के बढ़ते आतंक पर लगाम लगाने की पूरी तैयारी कर ली है. इसी सप्ताह रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धनबाद के भागाबांध क्षेत्र में प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों के साथ मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हुए और गिरफ्तार किए गए. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से कई मोबाइल जब्त किए गए. इनकी जांच से करीब 60 बैंक अकाउंट्स का पता चला है, जो विभिन्न नामों से खुले हैं. इन अकाउंट्स में कारोबारियों से वसूली गई रंगदारी की राशि जमा की जाती थी, जिसे बाद में प्रिंस खान के निर्देश पर ट्रांसफर कर दिया जाता था. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान से कई सफेदपोश लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है.
प्रिंस खान खुद विदेश में बैठा है, लेकिन रांची सहित झारखंड के कई शहरों में उसके अंडरग्राउंड एजेंट सक्रिय हैं. ये एजेंट बड़े कारोबारियों के फोन नंबर और अन्य जानकारी उपलब्ध कराते हैं. इसके बाद प्रिंस खान विदेश से ही धमकी भरे मैसेज, वॉइस कॉल या वीडियो कॉल के जरिए रंगदारी की मांग करता है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, रांची में ही एक दर्जन से ज्यादा ऐसे एजेंट प्रिंस खान के लिए काम कर रहे हैं. ये लोग रेकी करने के साथ-साथ गिरोह को सूचना पहुंचाने का काम भी संभालते हैं.
रांची पुलिस अब इंटेलिजेंस आधारित अभियान चला रही है. सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि प्रिंस खान के सभी लोकल हैंडलर और समर्थकों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने अपने इंटेलिजेंस नेटवर्क को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है. उन्होंने युवाओं को चेतावनी दी है कि वे ऐसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों, अन्यथा उन्हें भी सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और जेल जाना पड़ सकता है.
हाल के दिनों में रांची में प्रिंस खान गिरोह की गतिविधियां तेज हुई हैं. टीटोस रेस्टोरेंट (एयरपोर्ट रोड पर) में गोलीबारी का मामला हो या बड़े दवा कारोबारी को धमकी ये सभी घटनाएं प्रिंस खान से जुड़ी बताई जा रही हैं. उसके एजेंट कारोबारियों के नंबर हासिल करते हैं और विदेश से धमकियां देकर रंगदारी वसूलते हैं. पुलिस का प्रयास है कि इंटेलिजेंस के जरिए प्रिंस खान के लोकल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए, ताकि राजधानी में उसका आतंक समाप्त हो सके.