के. राजू की टिप्पणी को लेकर सियासी बवाल, राजद ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर करने का दावा
Ranchi: झारखंड कांग्रेस प्रभारी के.राजू द्वारा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के लिए राजद और सीपीआई माले विधायकों की धोखेबाजी बताने के बाद से राजद विधायकों के निशाने पर हैं. राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव के बाद अब झारखंड राजद के विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, राज्य सरकार में श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने के.राजू पर तीखा हमला बोला है और उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. राजद ने के राजू पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी भी की.
के. राजू बदनाम कर रहे हैं: सुरेश पासवान
राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों का क्या चरित्र है, कांग्रेस के विधायक अभी बिहार में गद्दारी-धोखेबाजी करते पकड़े गए हैं. सुरेश पासवान ने कहा कि राजद के चारों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव के लिए इलेक्शन एजेंट बनाए गए भोला यादव को दिखाकर अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को दिया. ऐसे में के.राजू किस षड्यंत्र के तहत और किस सबूत के आधार पर राजद को बदनाम कर रहे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि के. राजू को समझ नहीं है. जब सोनिया गांधी को लोग विदेशी महिला बताकर अपमानित किया जा रहा था तब हमारे नेता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें इंडिया की बहू बताकर विरोधियों को शांत किया था. आज उसी लालू प्रसाद यादव की पार्टी और उसके नेताओं को के. राजू बदनाम कर रहे हैं.
के. राजू को पार्टी से निष्कासित करे कांग्रेस: सुरेश पासवान
झारखंड राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि वह झारखंड को जानते नहीं है और कुछ भी बयान देने आ गए हैं. ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि झामुमो के साथ हम चट्टानी एकता और मजबूती के साथ खड़े हैं, लेकिन के. राजू यहां सहयोगी दलों की आपसी एकता को तोड़ने में लगे हैं. उनकी तमाम गतिविधियों की जांच कर उन्हें कांग्रेस से निष्कासित किया जाए.
हेमंत सरकार में राजद कोटे से श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने के. राजू पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बिहार- झारखंड का राजनीतिक और भौगोलिक ज्ञान नहीं है. पिछली सरकार को गिराने की साजिश में किसके विधायक शामिल थे, किसके विधायकों की रुपयों के साथ बंगाल में गिरफ्तारी हुई थी, उसमें से एक आज मंत्री बना हुआ है, यह सब के. राजू को जानना चाहिए.
श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि के. राजू ने कांग्रेस के अंदर कई गुट बना दिया है. उसी में से एक-दो गुट ने बीजेपी के साथ बातचीत कर ये सब किया है और आरोप राजद-माले पर लगाया जा रहा है. मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद से ही हम सब पर ऐसे आरोप लगते रहे हैं, लेकिन हमारी प्रतिबद्धता अपने नेता के प्रति ऐसी है कि न कभी हम बिके और न कभी किसी चीज का लोभ रहा. हम अपने नेता लालू यादव-तेजस्वी यादव के साथ चट्टानी एकता के साथ खड़े हैं.
उन्होंने कहा कि राजद नीति सिद्धांत पर चलती है, हमारे नेता लालू यादव ने कभी आरएसएस से समझौता नहीं किया. जेल जाना, मरना, कोर्ट कचहरी, ईडी-सीबीआई सबका सामना कर रहे हैं लेकिन सांप्रदायिक शक्तियों के सामने झुके नहीं. हमारे नेता लालू प्रसाद का आदेश था कि एक नंबर पर वोट प्रणव झा को देना है, जो हम चारों विधायकों ने वही किया.
हमें के. राजू के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं- राजद प्रदेश अध्यक्ष
वहीं, झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं हुसैनाबाद से विधायक संजय सिंह यादव ने कहा कि राजद और उसके विधायकों को कांग्रेस प्रभारी के. राजू से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है. जनता और राजद को चाहने वाले लोग जानते हैं कि राजद क्या है. यदि राजद और हमारे नेता सांप्रदायिक शक्तियों से समझौता कर लेते तो हमारे नेता को जेल नहीं जाना पड़ता. उन्हें रांची-दिल्ली आना जाना नहीं करना पड़ता. राजद के चारों विधायकों ने लालू प्रसाद के आदेश का पालन करते हुए कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा को ही वोट दिया और इलेक्शन एजेंट भोला यादव को दिखा कर दिया गया. इसलिए हमें किसी दूसरे दल के नेता के सामने सफाई देने की जरूरत नहीं है.