राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, छात्रों को देंगी मेडल और डिग्री
Deoghar: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देवघर के दौरे पर हैं। दोपहर करीब 1 बजे वे देवघर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और फूलों का गुलदस्ता देकर अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति सीधे देवघर एम्स (AIIMS) पहुंचीं, जहां वे संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रही हैं। इस खास मौके पर 48 एमबीबीएस छात्रों को डिग्री और मेडल प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रपति के हाथों एक गोल्ड मेडल, एक सिल्वर मेडल और एक ब्रॉन्ज मेडल विजेता को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा एक छात्र को सर्वोच्च रैंकिंग के आधार पर डिग्री दी जाएगी।
राष्ट्रपति का देवघर एम्स में कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान वे एम्स परिसर में ही लंच करेंगी और कुछ समय विश्राम भी करेंगी। ठीक 3 बजे वे एम्स के ऑडिटोरियम पहुंचेंगी, जहां एक घंटे तक दीक्षांत समारोह चलेगा। इस दौरान वे छात्रों को डिग्रियां और मेडल प्रदान करेंगी और समारोह को संबोधित भी करेंगी।
दीक्षांत समारोह में कई अन्य खास मेहमान भी मौजूद रहेंगे, जिनमें झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्रालय की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हैं। राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। देवघर एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, संथाल परगना के कमिश्नर लालचंद डाडेल, डीआईजी अंबर लकड़ा, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अजित पीटर डुंगडुंग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। देवघर एम्स का यह पहला दीक्षांत समारोह न केवल छात्रों के लिए यादगार होगा, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक गर्व का पल भी है।