श्रावणी मेले में आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता, VIP संस्कृति पर रोक, रविवार और सोमवार को बंद रहेगी शीघ्रदर्शनम सेवा
Shrawani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. इस बार मेले के दौरान VIP संस्कृति पर पूरी तरह रोक रहेगी. साथ ही रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए 'शीघ्रदर्शनम' (त्वरित दर्शन) की सुविधा भी बंद रहेगी, ताकि आम कांवरियों और श्रद्धालुओं को बिना भेदभाव के सुगम दर्शन का अवसर मिल सके.
VIP प्रवेश पर रोक
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेले के दौरान आम श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. इसलिए किसी भी प्रकार के VIP प्रोटोकॉल या विशेष प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था समान रहेगी.
डीसी ने कहा
सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव के साथ सुगम व सुरक्षित जलार्पण कराने पर जोर होगा. इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र में व्यापक तैयारी की जा रही है. बैठक में पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों ने श्रावणी मेला के साथ-साथ वर्षभर मंदिर परिसर में होनेवाली भीड़, कूपन व्यवस्था की खामियां, प्रोटोकॉल के नाम पर हो रही अवैध प्रवेश, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा, सफाई और बाबा मंदिर के पट खुलने एवं बंद होने के निश्चित समय सहित कई विषयों पर अपनी बात रखी.
बैठक में जिला प्रशासन की ओर से डीसी, एसपी डीडीसी, एसडीएम और नगर आयुक्त ने क्रमवार सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा प्रशासन की तैयारियों और रोडमैप की जानकारी दी. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, परंपरा की मर्यादा और सुरक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जायेगा.
यात्रियों व तीर्थ पुरोहितों को नहीं हो परेशानी : अध्यक्ष
बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे यात्रियों के साथ-साथ तीर्थ पुरोहितों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
सावन से पहले होगा नया ओवर ब्रिज शुरू : एसडीएम
एसडीएम सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों का किसी भी स्थिति में हनन नहीं होगा. नया ओवरब्रिज तीन दिनों में पूरा हो जायेगा और श्रावणी मेला शुरू होने से पहले चालू कर दिया जायेगा.
रविवार और सोमवार को नहीं मिलेगी शीघ्रदर्शनम सुविधा
श्रावणी मेले में सबसे अधिक भीड़ रविवार और सोमवार को उमड़ती है। इसे देखते हुए इन दोनों दिनों शीघ्रदर्शनम सेवा पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है. प्रशासन का कहना है कि इससे कतार प्रबंधन बेहतर होगा और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी.
सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम
मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, मेडिकल टीम, कंट्रोल रूम और आपदा प्रबंधन दल तैनात रहेंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, विश्राम स्थल और यातायात प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की गई है.
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों से बचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुचारु और समान दर्शन का अनुभव उपलब्ध कराना है.