रैगिंग से भड़का विवाद, धनबाद के स्कूल में अभिभावकों का प्रदर्शन, आरोपी छात्र स्कूल से बाहर

Dhanbad: जिसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई. कुछ देर तक स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
 

Dhanbad: धनबाद के एक स्कूल में रैगिंग के बाद छात्र की पिटाई का मामला सामने आने से जमकर हंगामा हुआ. घटना से नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. जानकारी के अनुसार, स्कूल के एक छात्र के साथ कथित तौर पर रैगिंग की गई, जिसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई. कुछ देर तक स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

हंगामे के बीच स्कूल पहुंची पुलिस

इस दौरान कुछ महिलाएं हाथों में झाड़ू लेकर स्कूल पहुंचीं. हालात को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और अब पूरे क्षेत्र में पुलिस नजर रख रही है. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि स्कूल में छात्रों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है. उनका कहना है कि पहले भी एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उस मामले से कोई सबक नहीं लिया है.

रैगिंग और छात्र की पिटाई से अभिभावक आक्रोशित

प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का आरोप है कि एक अन्य छात्र के साथ रैगिंग की गई और बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई है. इन घटनाओं के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है और वे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

धरना देने वाले लोगों का कहना है कि स्कूल में बच्चे सुरक्षित नहीं हैं. उनका साफ कहना है कि जब तक उपायुक्त मौके पर पहुंचकर पूरे मामले में कार्रवाई का भरोसा नहीं देंगे, तब तक उनका आंदोलन खत्म नहीं होगा. अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे अपने बच्चों का नाम स्कूल से कटवा देंगे.

वहीं स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सीके यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, साथ ही तत्काल आरोपी छात्रों को स्कूल से निकाल दिया गया है. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो, इसके लिए आगे कमेटी बनाकर निर्णय लिया जाएगा.

जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार ने बताया कि छात्र की मारपीट की घटना है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि धनबाद के निरसा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल में 10वीं क्लास के एक छात्र के साथ रैगिंग का मामला सामने आया था. जहां पांच छात्रों ने मिलकर एक युवक की बेल्ट से पिटाई की थी और मारपीट करते हुए उसका एक वीडियो भी सामने आया था. फिलहाल पीड़ित छात्र अस्पताल में भर्ती है.