रांची में गूंजा ‘रघुपति राघव’! बापू वाटिका में राज्यपाल-सीएम ने गांधीजी को किया नमन
Ranchi: देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मना रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर राजधानी रांची स्थित बापू वाटिका में श्रद्धा और स्मृति का माहौल देखने को मिला। परिसर में महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की गूंज सुनाई दी।
इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन समेत राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान मृणालिनी अखौरी ने पारंपरिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन प्रस्तुत कर बापू को याद किया। भजन की प्रस्तुति के दौरान बापू वाटिका का माहौल श्रद्धा से भर गया।
राज्यपाल ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपनाने की अपील की
गांधी जयंती के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि आज देश के दो महान विभूतियों की जयंती है। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का देश के लिए योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि दोनों नेताओं के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने लोगों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की, ताकि देश और प्रदेश के विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
सीएम हेमंत सोरेन ने बापू को किया नमन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों की जयंती देश के इतिहास में हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग यहां एकत्र होकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं ने देश को दिशा दी और उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
संजय सेठ बोले- गांधी ने दिया स्वच्छता और पारदर्शिता का संदेश
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गांधीजी ने देश को स्वच्छता और पारदर्शिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वतंत्रता की राह पर नेतृत्व दिया और उनके विचारों का प्रभाव भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में देखने को मिलता है।
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए संजय सेठ ने उनके ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने देश के सामने आए संकट के समय राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी और लोगों से सप्ताह में एक दिन उपवास रखने का आह्वान भी किया था।
बापू वाटिका में दिखी श्रद्धा और स्मरण की तस्वीर
गांधी जयंती के अवसर पर बापू वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। भजन, माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बीच दोनों महान विभूतियों के विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।