Deputy Mayor की रेस में राहुल सिंह कश्यप की जीत, 19 वोट से दर्ज की एकतरफा बढ़त

Jamshedpur: मतगणना के बाद राहुल सिंह कश्यप को 19 वोट मिले और वे विजेता घोषित किए गए. वहीं गुलाम मुस्तफा रजा को 9 वोट और मौमिता चटर्जी को 6 वोट प्राप्त हुए. इस तरह राहुल सिंह कश्यप ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत दर्ज की...
 

Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में राहुल सिंह कश्यप ने शानदार जीत दर्ज की. डिप्टी मेयर पद के लिए हुआ इलेक्शन समाहरणालय सभागार में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें कुल 34 वार्ड सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान में वार्ड नंबर 5 के पार्षद राहुल सिंह कश्यप को 19 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी वार्ड नंबर 26 के सदस्य गुलाम मुस्तफा रजा को 9 वोट प्राप्त हुए. इस तरह राहुल सिंह कश्यप ने 10 मतों के अंतर से जीत हासिल की. वहीं, तीसरी प्रत्याशी वार्ड नंबर 4 की सदस्य मौमिता चटर्जी को 6 वोट मिले.

मेयर समेत इन पार्षदों को दिलायी गयी सदस्यता

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में मानगो नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता समेत सभी 34 वार्ड पार्षदों को आयुक्त रवि रंजन विक्रम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. शपथ ग्रहण के बाद उपमहापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गयी, जिसमें तीन उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया. इसके बाद मतदान और फिर मतगणना की प्रक्रिया संपन्न हुई.

प्राप्त मतों के आधार पर राहुल सिंह कश्यप को विजेता घोषित किया गया. वह मानगो के वार्ड नंबर 5 से निर्वाचित पार्षद हैं और रिपीट कॉलोनी के निवासी हैं. जीत के बाद उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे मेयर सुधा गुप्ता के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे.