गंगा के उफान से रेल परिचालन प्रभावित, रेलवे ट्रैक से 20 मीटर दूर कटाव, 2 ट्रेनें रद्द और 6 डायवर्ट

Sahibganj:  गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच साहिबगंज में रेलवे ट्रैक पर कटाव का खतरा बढ़ गया है. कटाव अब रेलवे लाइन से करीब 20 मीटर दूर तक पहुंच गया है. सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने दो ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि छह ट्रेनों का मार्ग डायवर्ट किया गया है. रेलवे और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
 

Sahibganj:  गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच साहिबगंज जिले में रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मालदा रेल मंडल के साहिबगंज-तालझारी रेलखंड पर महाराजपुर स्टेशन के समीप झुंझरी पुल के पोल संख्या 219/32 के पास तेज कटाव हो रहा है। कटाव की धार रेलवे ट्रैक से महज 20 से 30 मीटर की दूरी तक पहुंच गई है।

स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए दो पैसेंजर ट्रेनों को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है। वहीं, छह एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को दुमका के रास्ते डायवर्ट करने का फैसला लिया गया है।

कटाव स्थल पर पहुंची रेलवे की टीम

रेलवे ट्रैक के करीब कटाव की सूचना मिलते ही अधिकारियों की टीम मोटर ट्रॉली से मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ट्रैक को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे ने तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कर दिया है।

कटाव को रेलवे लाइन की ओर बढ़ने से रोकने के लिए मालगाड़ियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में बोल्डर गिराकर पिचिंग का काम कराया जा रहा है। रेलवे की टीम लगातार स्थल की निगरानी कर रही है और स्थिति के अनुसार सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।

दो पैसेंजर ट्रेनें अगले आदेश तक रद्द

रेलवे के अनुसार, साहिबगंज-रामपुरहाट पैसेंजर और जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन को अगले आदेश तक पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।

इसके अलावा किऊल-मालदा एक्सप्रेस का परिचालन साहिबगंज स्टेशन तक ही सीमित रहेगा। यह ट्रेन साहिबगंज से आगे मालदा तक नहीं जाएगी।

छह एक्सप्रेस ट्रेनें दुमका होकर चलेंगी

साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के ट्रैफिक इंस्पेक्टर नितिश कुमार के अनुसार, छह ट्रेनों को दुमका के रास्ते डायवर्ट किया गया है।

इनमें जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, गया-हावड़ा एक्सप्रेस और भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस की अप और डाउन सेवाएं शामिल हैं।

ट्रेनों के रद्द होने और रूट डायवर्ट किए जाने से दैनिक यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

स्टेशनों पर हेल्प डेस्क सक्रिय

यात्रियों को ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग परिवर्तन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित स्टेशनों पर हेल्प डेस्क सक्रिय किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

फिलहाल रेलवे की ओर से कटावरोधी कार्य जारी है और अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। गंगा के जलस्तर और कटाव की स्थिति को देखते हुए आगे परिचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।