RRB परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, स्पेशल ट्रेन से होगी आसान यात्रा

Ranchi: रेल प्रशासन ने बताया कि स्पेशल ट्रेन निर्धारित रूट और समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय और संबंधित जानकारी रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जरूर जांच लें.
 

Ranchi: रेलवे भर्ती परीक्षा (RRB Exam) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह विशेष ट्रेन 3 अगस्त से संचालित होगी, जिस दिन से रेलवे भर्ती परीक्षा शुरू हो रही है.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. स्पेशल ट्रेन से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव भी कम होगा.

रेल प्रशासन ने बताया कि स्पेशल ट्रेन निर्धारित रूट और समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय और संबंधित जानकारी रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जरूर जांच लें.

परीक्षा 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त और 17 से 21 अगस्त तक विभिन्न चरणों में होगी. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, और राउरकेला जैसे प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इन शहरों में सैकड़ों अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रेनों के परिचालन और यात्रियों की भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गयी है. 

जरूरत पड़ने पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें 

रांची में प्रतिदिन लगभग 8250 अभ्यर्थी, बोकारो में 690, जमशेदपुर में 1635, धनबाद में 2805, डालटनगंज में 660 और राउरकेला में 1920 अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. रेलवे ने कहा कि जहां भी जरूरत होगी अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, कोचों की उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जायेगी.
 

परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया है. वहीं, इस बाबत डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि परीक्षा को लेकर जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा किया जायेगा. स्पेशल ट्रेन के लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है.