RANCHI BREAKING: जमीन घोटाले पर ED का Raid, रांची के कई बिल्डरों की हालत खराब
Jharkhand Desk: राजधानी रांची में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई जमीन से जुड़े लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच के तहत की जा रही है. सुबह से ही ईडी की टीम ने कई ठिकानों पर रेड शुरू कर दी, जिससे शहर में हड़कंप मच गया. ईडी की टीम सुबह से ही सक्रिय हो गई और कांके रिजॉर्ट, अशोक नगर, डोरंडा स्थित शुक्ला कॉलोनी और रातू रोड इलाके सहित कई लोकेशनों पर पहुंची.
पूरा मामला रांची ज़िले के कांके ब्लॉक की आदिवासी प्रकृति की जमीन घोटाले से संबंधित है, जिसमें पाया गया है कि अभियुक्तों ने अंचल अधिकारियों के साथ मिलकर ज़मीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी की और उसे बेचकर अपराध से धन अर्जित किया.
सूत्रों के मुताबिक, ईडी को शक है कि जमीन की खरीद-फरोख्त में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और अवैध लेन-देन हुआ है. इसी सिलसिले में कई बिल्डरों और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर दबिश दी गई है. कार्रवाई के दौरान ईडी की टीम ने दस्तावेजों की छानबीन शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि किन-किन लोगों के यहां दबिश डाली गई है और ईडी को क्या सबूत हाथ लगे हैं. माना जा रहा है कि यह कार्रवाई राज्य में चल रहे जमीन घोटाले से जुड़ी जांच का हिस्सा है.
ईडी की यह कार्रवाई पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता है कि आखिरकार जमीन कारोबार में कौन-कौन से बड़े नाम सामने आते हैं. फिलहाल, ईडी की टीम ने अपने स्तर पर तलाशी और पूछताछ का सिलसिला जारी रखा है.