Ranchi-Delhi Flight Update: रांची से सुबह में दिल्ली की फ्लाइट 45 दिन रद्द, यात्रियों के लिए जरूरी खबर
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ सकती है। त्योहारी सीजन, विंटर वेकेशन और न्यू ईयर के दौरान हवाई किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी को लेकर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है। साथ ही इंडिगो की रांची-दिल्ली सुबह की फ्लाइट 1 दिसंबर से 16 जनवरी तक रद्द किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।
फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक में हवाई किराये पर नियंत्रण के लिए केंद्र और राज्य सरकार से कैपिंग लागू करने की मांग की गई। चेंबर सदस्यों का कहना है कि छुट्टियों और त्योहारों के दौरान एयरलाइंस कंपनियों के किराये में असामान्य वृद्धि से आम यात्रियों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
हवाई किराये पर कैपिंग लागू करने की मांग
चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि हवाई सेवा अब केवल व्यावसायिक गतिविधि नहीं रह गई है, बल्कि आम नागरिकों की जरूरत बन चुकी है। ऐसे में हवाई किराये को आम लोगों की पहुंच में बनाए रखने के लिए नियामक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।
चेंबर ने सरकार से मांग की है कि त्योहारों और छुट्टियों के दौरान हवाई किराये में होने वाली असामान्य बढ़ोतरी पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
रांची-दिल्ली की सुबह की फ्लाइट रद्द होने पर चिंता
बैठक में इंडिगो की रांची-दिल्ली सुबह की फ्लाइट 1 दिसंबर से 16 जनवरी तक रद्द किए जाने का मुद्दा भी उठा। उप समिति के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने कहा कि इस फैसले से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले लोगों को भी परेशानी होगी।
उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से फ्लाइट दोबारा शुरू कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया। इसके लिए जरूरत पड़ने पर फ्लाइट के समय में बदलाव करने का सुझाव भी दिया गया।
सुरक्षा जांच के बाद हो उड़ान कैफे की सुविधा
बैठक में रांची एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे की लोकेशन बदलने की मांग भी उठाई गई। चेंबर कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने सुझाव दिया कि कैफे को सुरक्षा जांच के बाद वाले क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए।
इसके अलावा रांची से नए शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करने और एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नागर विमानन मंत्रालय से दोबारा आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, अमित शर्मा, राजीव सहाय, प्रमोद सारस्वत और किशन अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।