रांची में अतिक्रमण पर नगर निगम की सख्ती, स्टेशन रोड पर चला बुलडोजर
रांची शहर को जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से राहत दिलाने के लिए रांची नगर निगम अब पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम की प्रवर्तन टीम ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और नालियों के ऊपर बनी अवैध गुमटियों, ठेलों, खोमचों और अन्य अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कई अवैध ढांचों को मौके पर ही तोड़ दिया गया और कुछ को जब्त भी कर लिया गया। नगर निगम की टीम सुबह से ही मोर्चे पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखते हुए बुलडोजर के साथ कार्रवाई शुरू की गई।
चेतावनी के बावजूद नहीं हटे, तो हुई सख्त कार्रवाई
नगर निगम ने पूर्व में दुकानदारों को चेतावनी दी थी कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, लेकिन जिन लोगों ने निर्देशों की अनदेखी की, उनके खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की गई।
बताते चलें कि यह अभियान सिर्फ स्टेशन रोड तक ही सीमित नहीं है। रांची नगर निगम पिछले कई हफ्तों से अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला रहा है। मेन रोड, अल्बर्ट एक्का चौक, कांटा टोली, लालपुर, रातू रोड, हटिया और बरियातू जैसे प्रमुख स्थानों पर भी ऐसी ही कार्रवाई की जा चुकी है। इन जगहों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।