राजधानी रांची में बढ़ते अपराध पर लगाम, पुलिस ने लूट व चेन स्नैचिंग गिरोह का किया पर्दाफाश
Ranchi: राजधानी रांची में लूट और चेन स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, लूटे गए मोबाइल, सोने जैसे आभूषण और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है. दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.
सदर थाना क्षेत्र में कांटा टोली और कोकर चौक के बीच कब्रिस्तान के पास टोटो सवार यात्रियों और राहगीरों से हथियार और चाकू के बल पर लूटपाट की घटना सामने आई. घटना 24 मई की रात हुई, जब चार अज्ञात अपराधियों ने राहगीरों को डराकर मोबाइल और नकदी लूट ली. मामले में सदर थाना में कांड संख्या 242/2026 दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी को दबोच लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय दिलकश गद्दी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, धारदार चाकू और लूटे गए चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार दिलकश गद्दी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ डोरंडा, लोअर बाजार और डेली मार्केट थाना में लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं. पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
बुजुर्ग महिला से चेन झपटमारी, तीन गिरफ्तार
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू बाईपास रोड इलाके की है. यहां 25 मई की सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही 75 वर्षीय कृष्णा देवी से बाइक सवार अपराधियों ने सोने का चेन और कान का झुमका झपट लिया और फरार हो गए. पीड़िता के बेटे भानु प्रताप नाथ शाहदेव की शिकायत पर कोतवाली थाना में कांड संख्या 115/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि चेन स्नैचिंग मामले में आरोपी रोहित कुमार ठाकुर, रोहित राज और अमन सिंह को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सोने के झुमके, गले का चेन, मास्क, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद की है. उन्होंने बताया कि रोहित ठाकुर और रोहित राज शातिर अपराधी हैं. इनके खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं. इनमें चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं.
इधर, रांची पुलिस का कहना है कि राजधानी में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी जारी रहेगी.