रांची को जाम से मिलेगी राहत: करमटोली–साइंस सिटी फ्लाईओवर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंजूरी, राजधानी को मिलेगी नई रफ्तार
Ranchi, Jharkhand News: राजधानी रांची की लगातार जटिल होती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करमटोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले को रांची के ट्रैफिक सिस्टम के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है, क्योंकि इससे शहर के कई व्यस्त चौराहों पर जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पथ निर्माण विभाग की योजना के अनुसार यह फ्लाईओवर कुल 3.216 किलोमीटर लंबा होगा। यह करमटोली से शुरू होकर साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी चौक तक जाएगा। परियोजना में मोरहाबादी क्षेत्र को जोड़ने के लिए 516 मीटर का एक अहम लिंक रोड भी शामिल किया गया है। फ्लाईओवर के निर्माण का मुख्य उद्देश्य अलबर्ट एक्का चौक, दिव्यन चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी चौक जैसे अत्यधिक दबाव वाले ट्रैफिक पॉइंट्स पर यातायात को सुचारु बनाना है।
अरगोड़ा–हरमू फ्लाईओवर को पहले ही मिल चुकी है मंजूरी
इससे पहले अरगोड़ा चौक से हरमू होते हुए डिबडीह तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर परियोजना को भी सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना का डीपीआर तैयार हो चुका है और अब टेंडर सहित अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी। अरगोड़ा चौक राजधानी के सबसे व्यस्त ट्रैफिक जंक्शनों में से एक है, जहां अशोक नगर, कडरू, हरमू, कटहल मोड़ और डिबडीह की ओर जाने वाला भारी यातायात रोजाना जाम का कारण बनता है। इस फ्लाईओवर के बनने से यहां वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद है।
बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों को भी मिलेगी राहत
नई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रामगढ़ और हजारीबाग की ओर से रांची आने-जाने वाले वाहनों को भी बड़ी राहत मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते रिंग रोड और एनएच-20 से शहर का संपर्क और मजबूत होगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव आंतरिक सड़कों से कम किया जा सकेगा।
सरकारी स्तर पर बताया गया है कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में इन फ्लाईओवरों के निर्माण से रांची शहर को जाम से काफी हद तक निजात मिलेगी और नागरिकों को तेज, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।